विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया
निमाड प्रहरी-9977766399
खण्डवा 15 अप्रैल 2026, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जिले के गांव नेतनगांव में आयोजित कार्यक्रम में खण्डवा क्षेत्र के पूर्व सांसद स्व. श्री नंदकुमार सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खण्डवा के सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, खण्डवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, पूर्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, एवं श्री रामपाल सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्व सांसद स्व. श्री नंदकुमार सिंह चौहान निमाड़ क्षेत्र के "विकास पुरूष" के रूप में जाने जाते हैं। इस क्षेत्र में अधिकांश विकास कार्य उनके नेतृत्व में हुए। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान एक ओजस्वी वक्ता थे। उनकी शालीनता, सादगी और मिलनसारिता के सभी कायल रहते थे। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने इस अवसर पर पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री डॉ. विजय शाह ने इस अवसर पर पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “नंदू भैया” निमाड़ क्षेत्र की पहचान थे। उनके कार्यकाल में केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा बहुत से विकास कार्य स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि निमाड़ क्षेत्र के विकास में पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है।
सांसद श्री पाटिल ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि खण्डवा एवं बुरहानपुर जिले के नागरिक इस क्षेत्र के विकास के लिए पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद स्व. “नंदू भैया” अत्यंत सरल और सहज स्वभाव वाले जनप्रतिनिधि थे। इसलिए इस क्षेत्र के नागरिकों का उनसे आत्मीय जुड़ाव था।
कार्यक्रम में मांधाता विधायक श्री पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती मोरे तथा खण्डवा विधायक श्रीमती तन्वे ने भी सम्बोधित करते हुए पूर्व सांसद स्व. श्री चौहान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
*(फोटो संलग्न)*

Comments
Post a Comment