शांतिपूर्ण मोहर्रम पर्व के आयोजन में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था के लिए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती नीता देअरवाल का सम्मान
शांतिपूर्ण मोहर्रम पर्व के आयोजन में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था के लिए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती नीता देअरवाल का सम्मान
निमाड प्रहरी 9977766399
बुरहानपुर में मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती नीता देअरवाल का ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मोहर्रम के दस दिवसीय आयोजन में पहले दिन से सवारी बिठाने की परंपरा प्रारंभ होती है। सातवीं तारीख को आलम का जुलूस निकाला जाता है तथा इसके बाद अखाड़ों एवं ताजियों के जुलूस रात्रि में निकलते हैं और अगले दिन उनका विसर्जन किया जाता है। इन सभी धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है।
इस वर्ष पुलिस प्रशासन ने दिन-रात सतर्क रहकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी। प्रशासन, विभिन्न मोहर्रम कमेटियों तथा नागरिकों के आपसी सहयोग से पूरा आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ताप्ती सेवा समिति ने इसे सामाजिक समरसता और प्रशासन–जन सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
समिति अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य नहीं करती, बल्कि विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे समर्पित अधिकारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करता है।
इस अवसर पर धर्मेंद्र सोनी, प्रेमलता साकले, समीर श्रॉफ, मंसूर सेवक, मोहन दलाल, अत्ताउल्लाह खान, डॉ. युसूफ खान, रियाज उल्लाह अंसारी, इकबाल अंसारी, विनय पुनीवाला, राजीक हुसैन अंसारी, नंदकिशोर वाणे सहित ताप्ती सेवा समिति के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ताप्ती सेवा समिति ने पुलिस प्रशासन, मोहर्रम आयोजन समितियों तथा सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व तभी सफल माने जाते हैं जब वे शांति, सद्भाव, आपसी सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दें। बुरहानपुर ने इस वर्ष भी अपनी गंगा-जमुनी तहज़ीब और सांप्रदायिक सौहार्द की गौरवशाली परंपरा को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया।

Comments
Post a Comment