आकाशवाणी के 90 वर्ष और आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस पर मालवा हाउस में भव्य सांस्कृतिक उत्सव संपन्न


आकाशवाणी के 90 वर्ष और आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस पर मालवा हाउस में भव्य सांस्कृतिक उत्सव संपन्न

​ इंदौर  प्राइमरी और विविध भारती चैनल पर हुआ ऐतिहासिक 1 घंटे 50 मिनट का लाइव फोन-इन कार्यक्रम

​अधिकारियों और कर्मचारियों ने ढोल की थाप पर किया नृत्य, बनाई आकर्षक रंगोलियां

​बदलते दौर में तकनीकी गुणवत्ता और रचनात्मक कार्यक्रमों पर दिया गया विशेष जोर

​निमाड़ प्रहरी-9977766399 

इंदौर, 22 मई 2026:आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे होने के राष्ट्रव्यापी उत्साह और आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर आज मालवा हाउस स्थित आकाशवाणी परिसर में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से लेकर देर रात तक चले इस उत्सव में परंपरा, तकनीक, संस्मरण और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

​सुबह का सत्र: दीप प्रज्वलन और ऐतिहासिक लाइव फोन-इन

​उत्सव की शुरुआत सुबह 10:00 बजे मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम प्रमुख श्री राजेश पाठक, अभियांत्रिकी प्रमुख श्री अभय कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

​इसके तुरंत बाद आकाशवाणी के इतिहास में एक अनूठा और ऐतिहासिक क्षण आया, जब आकाशवाणी के प्राइमरी चैनल और विविध भारती चैनल से एक साथ (सिमुलकास्ट) 1 घंटे 50 मिनट का विशेष लाइव फोन-इन प्रोग्राम प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के श्रोताओं ने लाइव जुड़कर अपने शुभकामना संदेश साझा किए और आकाशवाणी से जुड़े अपने 90 वर्षों के संस्मरण सुनाए।

​विशेष आकर्षण: इस ऐतिहासिक लाइव शो में आकाशवाणी के पूर्व उद्घोषक देवेंद्र कौर मधु, संतोष जोशी, विजय राय के साथ-साथ वर्तमान कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक और अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम का कुशल संचालन आकाशवाणी इंदौर के वरिष्ठ उद्घोषक संजीव मालवीय ने किया। इस पूरे प्रसारण की लाइव स्ट्रीमिंग आकाशवाणी इंदौर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी की गई, जिसे डिजिटल दर्शकों की भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। दोपहर में स्टूडियो और पूरे प्रांगण में उत्सव का माहौल रहा, जहाँ सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया और खूबसूरत रंगोलियां बनाईं।

​शाम का सत्र: भव्य सांस्कृतिक एवं औपचारिक समारोह

​शाम 6:00 बजे से आकाशवाणी परिसर में ही बने एक विशाल और सुसज्जित मंच पर सांस्कृतिक व औपचारिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

​1. दीप प्रज्वलन एवं गरिमामयी उपस्थिति:

शाम के सत्र की शुरुआत श्री अभय कुमार गुप्ता (अभियांत्रिकी प्रमुख), श्री राजेश पाठक (कार्यक्रम प्रमुख) के साथ कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती डॉक्टर प्रीति छड़ीदार, श्री असीम कैथवास, श्री जे.एन. वर्मा, श्री एस.के. जैन और श्री एस.डी. यादव द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।

​2. संकल्प और उद्बोधन:

समारोह के दौरान अभियांत्रिकी प्रमुख श्री अभय कुमार गुप्ता द्वारा उपस्थित समस्त आकाशवाणी परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों को संस्थान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलवाई गई। अपने उद्बोधन में श्री गुप्ता ने कहा, "वक्त के साथ तकनीकी गुणवत्ता को बनाए रखना और उसे आधुनिक बनाना आकाशवाणी की सबसे अहम और प्राथमिक जरूरत है।"

वहीं, कार्यक्रम प्रमुख श्री राजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा, "हम सबका यह परम दायित्व है कि आज के वर्तमान और बदलते डिजिटल दौर के हिसाब से अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें और ऐसे कंटेंट पर जोर दें जो आकाशवाणी को जन-जन में और अधिक लोकप्रिय बनाए।"

​3. विदाई सम्मान एवं बैज सेरिमनी:

इस अवसर पर आकाशवाणी इंदौर के पूर्व कार्यक्रम अधिकारी श्री राहुल पंवार का विदाई सम्मान संजीव कुमार मालवीय द्वारा किया गया। सम्मान के पश्चात श्री राहुल पंवार ने भावुक उद्बोधन देते हुए आकाशवाणी के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। इसके साथ ही श्रीमती अमृता विक्रम सिंह और रूपाली चव्हाण के नेतृत्व में 'बैज सेरिमनी' का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। इसके बाद आकाशवाणी इंदौर के 71वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सभी की उपस्थिति में एक भव्य केक काटा गया।

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: विविधता में एकता का रंग

​औपचारिक सत्र के बाद आकाशवाणी के विभिन्न विंग्स और कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए, जिसने समां बांध दिया:

​लोक गायन: स्वाति उखले और साथियों द्वारा सुमधुर लोक गीतों की प्रस्तुति दी गई।

​मंचन: आकस्मिक उद्घोषकों अमृता विक्रम सिंह, रूपाली चव्हाण, पद्मश्री तपस्वी ,अभिलाष तिवारी ,महिमा शर्मा, माजिद खान, मनीष सोनी, निलेश जोशी ,राहुल तिवारी और राजेश जैन द्वारा आकाशवाणी के सफर और उसकी महत्ता को दर्शाता विशेष नाटक "मैं हूं आकाशवाणी" का प्रभावी मंचन किया गया।

​हास्य झलकियों का तड़का: ब्रॉडकास्ट असिस्टेंस चंद्रशेखर कुरील और चेतन शाह और खेती-गृहस्थी के कंपीयर्स धरणीधर मिश्र, अनुराधा शर्मा ,नर्मदा डोलकर और संध्या कोठारी द्वारा गुदगुदाने वाली हास्य झलकियां पेश की गईं।

​विशेष सभाएं: 'महिला सभा' की कंपीयर्स शिखा साहू, सुषमा व्यास,दुर्गेश नंदनी चौधरी और दीप लक्ष्मी द्वारा "सखियों की मस्ती" और 'युवानी' व 'मराठी' कंपीयर्स द्वारा ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियां दी गईं।

​सामूहिक ढोल नृत्य: कार्यक्रम के अंत में पूरा आकाशवाणी परिवार एक साथ ढोल की थाप पर थिरक उठा।

​कृतज्ञता ज्ञापन और समापन:

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आकाशवाणी इंदौर के कार्यक्रम अधिकारी श्री असीम कैथवास ने सभी अतिथियों, कलाकारों, कर्मचारियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का शानदार समापन सुरुचि भोज (डिनर) के साथ हुआ।

संजीव कुमार मालवीय

उद्घोषक आकाशवाणी, इंदौर

Comments

Popular posts from this blog

अखिल भारतीय धाकड़ माहेश्वरी समाज की शपथ विधि इछावर नगर में सम्पन्न

पार्थ गुप्ता संग पूजा, गुप्ता की,सगाई बहुत बहुत बधाई

अखिल भारतीय धाकड़ माहेश्वरी सभा की केंद्रीय कार्यकारिणी चुनाव वर्ष 2025 - 27 खड़े उम्मीदवारों की। सूची