इन्वेस्टीचर सेरेमनी में छात्र पदाधिकारियों ने ग्रहण किए दायित्व, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प
एंजेल्स प्लेनेट स्कूल में गूंजा नेतृत्व और जिम्मेदारी का संदेश
इन्वेस्टीचर सेरेमनी में छात्र पदाधिकारियों ने ग्रहण किए दायित्व, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प
निमाड़ प्रहरी- 9977766399
खंडवा। एंजेल्स प्लेनेट स्कूल, खंडवा के एडवांस केंपस में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की भव्य इन्वेस्टीचर सेरेमनी गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। समारोह में छात्र पदाधिकारियों ने नेतृत्व,अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर रितेश गोयल, गरिमा गोयल, प्रमोद पूरी, श्रद्धा पूरी, राधेश्याम अग्रवाल,
अरुणा तिवारी, दर्पण सकलेचा, प्राचार्या श्रीमती डोना ईम्स, रामेश्वर विंग की प्राचार्या नीलम गोगरी, कोऑर्डिनेटर शेफाली गंगराड़े सहित शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं अनय बारचे, राधिका बामनिया, अक्षत धानुक एवं आराध्या उइके ने अपनी सुमधुर आवाज में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह को भक्तिमय एवं मंगलमय वातावरण से भर दिया। इसके पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि डीएसपी श्री अनिल कुमार राय का विद्यालय के डायरेक्टर्स द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। एनसीसी विद्यार्थियों ने भी मुख्य अतिथि का औपचारिक स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक मंच तक साथ ले जाकर समारोह की गरिमा को बढ़ाया।
शिक्षिका राधा गंगराड़े ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को नेतृत्व एवं जिम्मेदारी के महत्व से अवगत कराया।
समारोह का मुख्य आकर्षण इन्वेस्टीचर सेरेमनी रहा, जिसमें हेड बॉय, हेड गर्ल एवं विभिन्न हाउस के कैप्टन को विधिवत सैश पहनाकर एवं हाउस फ्लैग प्रदान कर पद की शपथ दिलाई गई तथा उनके दायित्व सौंपे गए। नव नियुक्त छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय के नियमों एवं अनुशासन का पालन करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग एवं गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
समारोह के मुख्य अतिथि डीएसपी श्री अनिल कुमार राय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने, अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व केवल पद या अधिकार का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा और दूसरों को आगे बढ़ाने की भावना है। एक सच्चा लीडर स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करता है और अपने आचरण से दूसरों को प्रेरित करता है। उनके प्रेरक विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं उत्साह का संचार किया।
विद्यालय के डायरेक्टर्स ने अपने उद्बोधन में सभी नव नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में विद्यालय की कल्चर कमेटी और खेल शिक्षक सत्यम खर्चवाल , ज्योति वालंजकर, दीपक कुमरावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का प्रभावी एवं सफल संचालन चित्रांशी कटारे, दिव्यांशी कोष्टा, पिहू कानूगो एवं तपस्या बाविष्कर ने किया। कार्यक्रम के अंत में नंदिनी पटेल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन्वेस्टीचर सेरेमनी ने विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का अवसर है। समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। अंत में राष्ट्रगान एवं स्कूल एंथम के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।




Comments
Post a Comment